लद्दाख में सुबह-सुबह दहशत, एक के बाद एक 2 भूकंप से थर्राया लेह
लद्दाख के लेह शहर में गुरुवार की सुबह एक के बाद एक 2 भूकंप के झटकों ने लोगों को हिला दिया। पहला झटका सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 5.5 मापी गई।
इसके बाद सुबह 9 बजकर 54 मिनट पर दूसरा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 4.3 थी। ये दोनों भूकंप धरती की सतह से करीब 10 किलोमीटर नीचे से आए थे, जिससे स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
लेह के पास थे भूकंप के केंद्र
इन भूकंपों के केंद्र लेह के बिल्कुल करीब थे। पहला केंद्र 36.88 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 74.402 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था, जबकि दूसरा केंद्र 36.76 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.326 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
यह क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, इस भूकंपीय जोन में लोगों ने झटके साफ महसूस किए। हालांकि, अभी तक किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।