ट्विशा शर्मा मौत मामला: पति समर्थ और सास गिरिबाला भोपाल जेल में कैदियों से अलग रहेंगे
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के भोपाल में नवविवाहिता ट्विशा शर्मा (33) की रहस्यमयी मौत के मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को जेल भेज दिया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दोनों को भोपाल की एक अदालत में पेश किया था। इस दौरान CBI ने आगे पूछताछ के लिए दोनों की हिरासत नहीं मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा है। दोनों की हिरासत 2 जून को खत्म हो रही थी।
जेल
जेल में अन्य कैदियों से अलग रहेंगे मां-बेटा
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला और अधिवक्ता समर्थ को भोपाल केंद्रीय जेल में अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा। हालांकि, इसका कारण सामने नहीं आया। केंद्रीय एजेंसी ने रिमांड के दौरान दोनों से 12 मई की रात घटी घटनाओं, विभिन्न डिजिटल, फोरेंसिक और भौतिक साक्ष्यों के बारे में पूछताछ की थी। गिरिबाला ने कोर्ट में दावा किया कि ट्विशा पक्ष के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने जबलपुर हाई कोर्ट परिसर में उनके बेटे समर्थ के साथ मारपीट की थी।
शिकायत
मीडिया ट्रायल से जान का खतरा बताया
सुनवाई के दौरान गिरिबाला ने कोर्ट में मीडिया कवरेज को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि जांच वाली जगहों पर मीडिया पहले से मौजूद रहती है। उन्होंने दावा किया कि लगातार हो रही मीडिया कवरेज से परिवार पर दबाव बन रहा है और उनकी सुरक्षा को भी खतरा है। उन्होंने कोर्ट से मीडिया ट्रायल पर रोक लगाने की मांग की है, उनका कहना है कि इससे निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है।