ट्रंप ने भारत को बताया नरक का द्वारा, विदेश मंत्रालय ने दिया दो टूक जवाब
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट में भारत को 'हेलहोल' (नरक का द्वार) बताया, जिसके बाद देश भर से इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस टिप्पणी को साफ तौर पर अनभिज्ञ, अनुचित और असंवेदनशील बताया। उन्होंने कहा कि यह भारत-अमेरिका के रिश्तों की असल तस्वीर पेश नहीं करती है। इसी पोस्ट में भारत और चीन जैसे देशों से आने वाले अप्रवासियों की भी आलोचना की गई थी। उन पर आरोप था कि वे अमेरिका के जन्मसिद्ध नागरिकता कानूनों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
अगले महीने मार्को रुबियो की भारत यात्रा
विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर साफ किया कि इस तरह के बयान भारत-अमेरिका के रिश्तों की असली भावना को नहीं दिखाते। उनके मुताबिक, ये रिश्ते आपसी सम्मान पर टिके हुए हैं। दोनों देश अभी व्यापार से जुड़ी मुश्किल बातचीत और दुनिया भर के कई अहम मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं। यही वजह है कि सबकी नजरें अब अगले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा पर टिकी हैं। यह दोनों देशों के लिए एक मौका है कि वे अपनी गलतफहमियों को दूर कर सकें और अपनी साझेदारी को मजबूत बनाए रख सकें।