पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 'गलत पार्किंग' बनी काल, 3 की मौत और 11 घायल
उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ट्रक ने यात्री बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई और 11 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह बस गुरुग्राम से बिहार की ओर जा रही थी और गलत जगह पर खड़ी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने लगे।
हादसे में बचे यात्री ने बताया- बस में थी ज्यादा भीड़
इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान बचाने वाले एक यात्री घनश्याम तिवारी ने बताया कि बस में यात्रियों की संख्या क्षमता से कहीं ज्यादा थी। उन्होंने यह भी बताया कि बस गलत जगह पर खड़ी थी, जिससे शायद हादसा और भी बड़ा हो गया।
स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अधिकारियों ने दुर्घटना में मृत लोगों का पंचनामा कर उनके शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।