यमुना एक्सप्रेसवे पर काल बना ट्रक, डिवाइडर तोड़कर 4 की मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रेलर ट्रक डिवाइडर तोड़कर अचानक दूसरी तरफ आ गया। इसी दौरान वह सामने से आ रही एक बलेनो कार से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसके बाद पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल और पिकअप गाड़ी में सवार लोगों को भी चोटें आईं।
मृतकों की पहचान हुई, ड्राइवर गिरफ्तार
मरने वालों में रितेश पांडे (50), उनके बेटे अविशर पांडे (30), विकास गुप्ता (35) और विजय सिंह (35) शामिल हैं।
इनमें रितेश, अविशर और विकास मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और दिल्ली-NCR में रहते थे। विजय राजस्थान के रहने वाले ड्राइवर थे। ये सभी महाराजगंज से दिल्ली-NCR जा रहे थे।
इस हादसे में सुमित (20), सचिन (25) और भूषण कुमार सिंह (22) घायल हुए हैं।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को गाड़ी चलाते हुए नींद आ गई थी। उस पर तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया गया है। प्रशासन ने दुर्घटनास्थल से मलबा हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया है।