Page Loader
हिमाचल में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद, क्रिसमस पर 55,000 से अधिक वाहन शिमला पहुंचे
नए साल का जश्न मनाने कई राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं (तस्वीर: एक्स/@thelocalreport8)

हिमाचल में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद, क्रिसमस पर 55,000 से अधिक वाहन शिमला पहुंचे

लेखन नवीन
Dec 25, 2023
02:52 pm

क्या है खबर?

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस और नए साल मनाने लिए इन दिनों पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। राजधानी शिमला में सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लगा है। हिमाचल में सोलांग नाला से अटल सुरंग के बीच ट्रैफिक पूरी तरह से बाधित है। रविवार को अटल टनल रोहतांग से रिकॉर्ड 28,210 वाहनों की आवाजाही हुई है, जो अब तक की सर्वाधिक है। इनमें से 14,865 वाहन अंदर और 13,345 वाहन बाहर आएं हैं।

रिकॉर्ड

पिछले 72 घंटे में 55,345 पर्यटक वाहन पहुंचे शिमला

हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के बाद यह पहला मौका है, जब बड़ी संख्या में पर्यटक बाहरी राज्यों से शिमला आ रहे हैं। हिमाचल पुलिस के अनुसार, शिमला में पिछले 72 घंटे में 55,345 पर्यटक वाहन पहुंचे हैं। इस बीच शिमला ट्रैफिक पुलिस भी यातायात सुचारू करने में जुट गई है, ताकि शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा न हो। पुलिस ने रिज मैदान और माल रोड में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं।

विंटर कार्निवाल

हिमाचल में पहली बार शिमला विंटर कार्निवाल का आयोजन

हिमाचल सरकार द्वारा पहली बार 25 से 31 दिसंबर तक राजधानी शिमला में विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को इसका शुभारंभ करेंगे। कार्निवाल के दौरान यहां पहुंचे पर्यटकों के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उन्हें हिमाचल की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इस आयोजन के लिए रिज मैदान व आसपास के क्षेत्रों को रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया है।

स्वागत

मुख्यमंत्री सुक्खू ने हिमाचल आए पर्यटकों का किया स्वागत 

इस बीच मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हिमाचल प्रदेश सभी आगंतुकों का हार्दिक स्वागत करता है। बर्फ से ढकी चोटियों से लेकर शांत घाटियों तक, हमारे राज्य की सुंदरता में डूब जाएं। हमारा पुलिस-प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आपकी यात्रा सुरक्षित, आनंददायक और यादगार हो' उन्होंने लिखा, 'मैं बर्फबारी के बीच पर्यटकों की भारी आमद में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन के प्रबंधन और उत्कृष्ट समर्पण की सराहना करता हूं।'

आमद

पर्यटकों की भारी आमद से व्यापारियों में खुशी

शिमला और मनाली में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंच चुके हैं। यहां सभी होटल में बुकिंग फुल हो चुकी है और पर्यटकों की आमद से स्थानीय व्यापारी खुश नजर आ रहे हैं। शनिवार को लाहौल घाटी में बर्फबारी के बीच हजारों पर्यटक अटल सुंरग से लाहौल पहुंचे थे, लेकिन मौसम खराब होने के चलते सुरंग में गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते मनाली से अटल सुरंग तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।