टस्क का भारत दौरा, प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर देंगे अर्थव्यवस्था और रक्षा साझेदारी को नया आयाम
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान 22 अक्टूबर को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक बड़ी मुलाकात तय है। इस दौरे का मुख्य मकसद भारत और पोलैंड के बीच साझेदारी को एक नए स्तर पर ले जाना है। यह तब हो रहा है जब अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी के पोलैंड दौरे के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। टस्क के साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की और कई बड़े कारोबारी भी भारत आ रहे हैं।
टस्क का ध्यान अर्थव्यवस्था और रक्षा पर
इस यात्रा का मुख्य जोर आर्थिक और रक्षा संबंधों को मजबूत करने पर रहेगा। टस्क भारत के सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और अंतरिक्ष क्षेत्र के लोगों से मिलेंगे। इसके साथ ही वह दिल्ली और बेंगलुरु में होने वाले बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, नवीकरणीय ऊर्जा, संस्कृति और यूरोपीय संघ के साथ मिलकर काम करने पर भी बातचीत होगी। बता दें कि प्रधानमंत्री के तौर पर टस्क का यह दूसरा भारत दौरा है। इससे पहले वह 2010 में भारत आए थे। ऐसे में लगता है कि दोनों देश एक साथ एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।