Loading...
अभिषेक बनर्जी के 'अवैध रूप से बने' सांसद कार्यालय पर चला बुलडोजर
TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई हुई है

अभिषेक बनर्जी के 'अवैध रूप से बने' सांसद कार्यालय पर चला बुलडोजर

लेखन आबिद खान
Jul 18, 2026
02:04 pm

क्या है खबर?

तृणमूल कांग्रेस (TMC) महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब दक्षिण 24 परगना जिले के अमताला-बारुईपुर रोड पर स्थित उनके सांसद कार्यालय को प्रशासन ने ढहा दिया है। आरोप है कि इस 5 मंजिला इमारत का निर्माण अवैध तरीके से किया गया था। बताया जा रहा है कि इस संबंध में अभिषेक को नोटिस जारी हुआ था, जिसका उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद ये कार्रवाई हुई है।

कार्रवाई

कड़ी सुरक्षा के बीच हुई कार्रवाई

आज जैसे ही बुलडोजर कार्यालय को ध्वस्त करने के लिए पहुंचे तो भारी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। TMC और भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ भी बढ़ गई। इसे देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन ने अमतला में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय को गिरा दिया, क्योंकि यह बिना मंजूर नक्शे और लागू नियमों का उल्लंघन कर बनाया गया था।"

भाजपा

भाजपा विधायक बोले- कानून के मुताबिक हुई कार्रवाई

अमतला से भाजपा विधायक अग्निश्वर नस्कर ने जिला प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "यह ढांचा गैर-कानूनी तरीके से बनाया गया था और प्रशासन ने आखिरकार कानून के मुताबिक कार्रवाई की है।"

इससे पहले कोलकाता नगर निगम ने अभिषेक, उनके परिवार के सदस्यों और उनकी कंपनी से जुड़े नामों पर दर्ज 17 संपत्तियों को नोटिस जारी किया था। इनमें हरीश मुखर्जी रोड स्थित अभिषेक का आवास 'शांतिनिकेतन' भी शामिल है।

ADVERTISEMENT