Page Loader
TMC नेता ने महिला शिक्षक और उसकी बहन को रस्सी से बांधकर बेहरमी से पीटा

TMC नेता ने महिला शिक्षक और उसकी बहन को रस्सी से बांधकर बेहरमी से पीटा

Feb 03, 2020
12:26 pm

क्या है खबर?

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता बेलगाम होते जा रहे हैं। हालत यह है कि TMC नेता महिलाओं पर भी हाथ उठाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला सामने आया है दक्षिण दिनाजपुर के गंगरामपुर गांव से, जहां सड़क निर्माण के लिए अपनी जमीन पर जबरन अधिग्रहण का विरोध कर रही एक महिला शिक्षक और उसकी बहन की TMC नेता व पंचायत उपप्रधान अमल सरकार ने बेहरमी से पिटाई कर दी।

क्रूरता

रस्सी से बांधकर घसीटते हुए पीटा

गंगारामपुर थानप्रभारी पूर्णेंदु कुमार ने बताया कि पीड़िता स्मृति काना दास और उसकी बहना शोभा हैं। स्मृति गंगरामपुर के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वह अपनी जमीन पर जबरन कब्जे का विरोध कर रही थी। TMC नेता अमल सरकार ने उसे और उसकी बहन शोभा को रस्सीयों से बांधकर जमकर पीटा और उसे काफी दूर तक घसीटा। पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर अमल सरकार सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बेहरमी

छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाती रही पीड़िता

मारपीट से घायल महिला शिक्षक स्मृति का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी नेता अमल सरकार ने अपने चार अन्य समर्थकों के साथ उन्हें पकड़ लिया और उसके हाथ रस्सी से बांध दिए। उन्होंने पिटाई करते हुए उसे कई मीटर तक घसीटा भी। उन्हें बचाने आई उसकी बहन शोभा को भी लात-घूंसों से मारा गया। वह आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाती रही, लेकिन उन्हें जरा भी तरस नहीं आया।

TMC

आरोपी नेता को किया पार्टी से निष्कासित

महिला शिक्षक के साथ बेरहमी मारपीट करने के मामले में दोषी नेता अमल सरकार पर पार्टी ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी की ओर से कार्रवाई किए जाने के बाद आरोपी नेता अमल सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

प्रतिक्रिया

वारदात के बाद भाजपा सांसद ने दी प्रतिक्रिया

मामले में बालुरघाट से भाजपा सांसद सुकांता मजूमदार ने कहा कि महिला शिक्षक उनकी पार्टी की कार्यकर्ता है। आरोपियों ने उनकी जमकर पिटाई की है। प्रदेश में केवल TMC नेता और कार्यकर्ता ही ऐसी करतूत कर सकते हैं। इससे साफ है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या है और यहां लोग कितने सुरक्षित हैं। वहीं दिनाजपुर TMC अध्यक्ष अर्पिता घोष ने कहा कि पुलिस अपना काम करेगी, उन्होंने आरोपी नेता को पार्टी से निकाल दिया है।

पुनरावृत्ति

पहले भी हुआ था महिला पर हमला

TMC कार्यकर्ताओं की ओर से महिलाओं पर हमला बोलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 1 अक्टूबर, 2018 को भी TMC कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ता नीलिमा डे सरकार की बेरहमी से पिटाई की थी। वह उस दौरान बचने के लिए भागने का प्रयास कर रही थी, लेकिन कार्यकर्ता उसे बचने का मौका नहीं दे रहे थे। उस मामले के भी दो वीडियो भी वायरल हुए थे। उसमें दिख रहा था कि पुलिस खड़ी हुई तमाशा देख रही थी।