LOADING...
ED के सामने पेश नहीं हुई टीना अंबानी, जानिए किस मामले में पूछताछ को बुलाया
ED के सामने पेश नहीं हुई टीना अंबानी

ED के सामने पेश नहीं हुई टीना अंबानी, जानिए किस मामले में पूछताछ को बुलाया

लेखन गजेंद्र
Feb 10, 2026
11:25 am

क्या है खबर?

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन टीना अंबानी पेश नहीं हुई। केंद्रीय एजेंसी ने मंगलवार को बताया कि टीना को कथित धनशोधन से जुड़े मामले में समन जारी किया गया था। हालांकि, अब नया समन जारी किया जाएगा। एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि टीना अंबानी को अगले हफ्ते या उसके बाद पेश होने के लिए कहा जा सकता है।

समन

इस मामले में होनी है पूछताछ

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, 68 वर्षीय टीना को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी कॉन्डोमिनियम की खरीद से जुड़े धन के लेन-देन के बारे में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इससे पहले ED मामले में रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व अध्यक्ष पुनीत गर्ग से पूछताछ कर चुकी है। ED ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (ADAG) के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) भी बनाई है।

पूछताछ

पिछले हफ्ते दिए थे निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह ADAG मामले की समीक्षा करते हुए ED को मामले की 'निष्पक्ष, स्वतंत्र, त्वरित और तटस्थ' जांच के लिए SIT गठित करने का निर्देश दिया था। SIT का नेतृत्व संघीय जांच एजेंसी की मुख्यालय जांच इकाई (HIU) में अतिरिक्त निदेशक रैंक के एक अधिकारी कर रहे हैं। उनके साथ 6 अन्य जांचकर्ता 40,000 करोड़ रुपये के बैंकिंग और कॉरपोरेट धोखाधड़ी की जांच में शामिल हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) भी समूह की जांच कर रही है।

Advertisement