दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार ने 3 महिलाओं को कुचला, विरोध के बाद मिला 17 लाख रुपये मुआवजा
राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम घास काट रही 3 महिलाओं को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस हादसे में तीनों महिलाओं की मौत हो गई। कार का चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान प्रेम देवी (55), मनफुली देवी (50) और कौशल्या देवी (45) के रूप में हुई है। इनमें से 2 को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीसरी महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने 17 लाख रुपये मुआवजे का वादा किया
इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। उनके इस प्रदर्शन की वजह से करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम हो गया, जिसमें हजारों लोग फंस गए। जाम में कई राजनीतिक नेता भी शामिल थे। यह विरोध प्रदर्शन तब जाकर खत्म हुआ, जब अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को 17 लाख रुपये मुआवजा, हर परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और हर पीड़ित परिवार के लिए एक डेयरी बूथ देने का आश्वासन दिया। पुलिस अब भी फरार चालक की तलाश कर रही है।