नागपुर में क्लोरीन गैस लीक से अफरा-तफरी, 40 लोग अस्पताल में भर्ती
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के नागपुर स्थित गोधनी इलाके में क्लोरीन गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया है। यहां महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट से अचानक क्लोरीन गैस लीक हो गई। इसकी चपेट में आकर 40 लोगों को खांसी और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील किया गया है और लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई है।
घटना
900 किलोग्राम के सिलेंडर से लीक हुई गैस
यह घटना रात करीब 1 बजे महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के गोधनी म्युनिसिपल काउंसिल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में हुई। यहां 900 किलोग्राम क्षमता वाले सिलेंडर से क्लोरीन गैस लीक होने लगी।
इससे आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों को खांसी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिससे हड़कंप मच गया।
बचाव दल और पुलिस ने तुरंत पहुंचकर घटनास्थल के 200 मीटर के दायरे में लोगों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया। यहां बैरिकेडिंग कर इलाका सील किया गया।
मौत
गैस की चपेट में आकर कुत्ते की मौत
फिलहाल 40 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 12 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। 3 मरीज गंभीर हैं, जिन्हें ICU में रखा गया है।
इस दर्दनाक घटना में एक कुत्ते की मौत हो गई है।
बचाव दलों ने बताया कि सुबह 5:30 बजे तक अभियान समाप्त हो गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह काबू में है।
लीक हुए सिलेंडर को कास्टिक सोडा वाले टैंक में डुबोया गया है, ताकि गैस का असर न हो।