लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी कार, दिल्ली के 3 लोगों की मौत
देश
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए एक बड़े हादसे में 3 लोगों की जान चली गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। दिल्ली के ये पांचों लोग बलिया काम से जा रहे थे। दौकी के पास उनकी कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में जयप्रकाश (32), भूपेंद्र (35) और कपिल (31) ने दम तोड़ दिया।
140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में थी कार
पुलिस ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब कार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी और दौकी के पास पलट गई। तेज रफ्तार के कारण 3 यात्री कार से बाहर निकलकर गिर गए। कार चला रहे यशवंत (33) और आगे की सीट पर बैठे चंद्रकांत (35) भी घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने मृतकों और घायलों के परिजनों को इस हादसे की जानकारी दे दी है।