शिलॉन्ग: हनुमान मंदिर से भगवान की मूर्तियां और आभूषण चोरी, CCTV फुटेज में दिखे चोर
शिलॉन्ग के गारीखाना इलाके में स्थित हनुमान मंदिर में रविवार तड़के करीब एक बजे चोरी की बड़ी वारदात हुई। चोरों ने मंदिर के एक बगल के दरवाजे को जबरदस्ती खोल दिया और अंदर घुसकर भगवान कृष्ण, राधा की मूर्तियों के साथ एक छोटी हनुमान मूर्ति, चांदी के आभूषण और पीतल की पूजा सामग्री चुराकर फरार हो गए। इस चोरी की घटना से इलाके के लोग अपने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित और असहज महसूस कर रहे हैं।
पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही
हालांकि चोरों ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया था, लेकिन आसपास की इमारतों में लगे CCTV कैमरों में उनकी हरकतें कैद हो गई हैं। पुलिस इन फुटेज को खंगालकर चोरों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
राहत की बात यह रही कि चोरों ने गर्भगृह में स्थापित मुख्य हनुमान मूर्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने अब प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाए।