बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान: अजान अवैस ने अपने डेब्यू टेस्ट में जड़ा शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (103) खेली। यह उनका डेब्यू ही टेस्ट था। इसके साथ ही वह डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने वाले 14वें पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान को अपनी पहली पारी में मजबूत शुरुआत मिली। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही अवैस की पारी और साझेदारी?
बांग्लादेश के पहली पारी के 413 रन के जवाब में पाकिस्तान को पहली पारी में अवैस और इमाम उल हक (45) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने अब्दुल्ला फजल (60) के साथ दूसरे विकेट के लिए 104 रन की अहम साझेदारी निभाई। दूसरे दिन 85 रन पर नाबाद रहने के बाद उन्होंने तीसरे दिन शतक पूरा किया। उन्होंने 165 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौके भी जड़े।
उपलब्धि
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए अवैस
अवैस पहली बार 2023 अंडर-19 एशिया कप के दौरान सुर्खियों में आए थे। उस दौरान उन्होंने भारत के खिलाफ नाबाद 105 रन की पारी खेली थी। 2024-25 कायद-ए-आजम ट्रॉफी में भी वे 76.7 के औसत से 844 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण से पहले ही उन्होंने मात्र 33 मैचों में 10 प्रथम श्रेणी शतक लगाकर एक प्रभावशाली बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बना ली थी।
करियर
कैसा रहा है अवैस का प्रथम श्रेणी करियर?
अवैस ने साल 2024 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने 34 मैचों में 49 से अधिक के औसत से 2,776 रन बनाए हैं। उनके खाते में 10 अर्धशतक और 11 शतक शामिल हैं, जिसमें उनका करियर का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 203 रन का रहा है। इसके साथ ही अवैस अब पाकिस्तान के लिए टेस्ट डेब्यू पर शतक बनाने वाले 14वें बल्लेबाज भी बन गए हैं।