शोरूम में घुसा चोर: नहाया, नाचा और फिर ले गया 4.71 लाख की बाइक
वाराणसी के एक शोरूम में देर रात एक चोर घुस गया। वहां किसी के न होने का फायदा उठाते हुए उसने खूब मौज-मस्ती की। घंटों तक वह शोरूम के अंदर रहा, जहां उसने पहले कॉफी बनाई, फिर नहाया और अपने कपड़े धोए। इतना ही नहीं, वह शोरूम के अंदर ही नाचने भी लगा। चोर की यह सारी हरकतें शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गईं, जिससे यह घटना किसी फिल्मी कहानी जैसी लगने लगी। आखिर में, जब उसका दिल भर गया, तो वह शोरूम से 4.71 लाख रुपये कीमत वाली एक KTM बाइक लेकर भाग निकला।
मैनेजर की बाइक की चाबी से हुआ फरार, पुलिस कर रही जांच
चोर ने शोरूम में घुसने के लिए पहले कांच का दरवाजा तोड़ा। अंदर आने के बाद उसने कंप्यूटर का भी इस्तेमाल किया और अपने गीले कपड़े शोरूम की एक मोटरसाइकिल पर सुखाए।
फिर, शोरूम के ही कपड़े पहनकर वह सुबह 4 बजे वहां से चला गया। उसे भागने में मदद मिली मैनेजर की बाइक में रखी चाबी से, जिसका इस्तेमाल कर वह आसानी से निकल भागा।
अगली सुबह जब शोरूम के कर्मचारी आए और उन्होंने टूटे हुए शीशे देखे, तो तुरंत पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से चोर के उंगलियों के निशान जुटा रही है, ताकि उसे जल्द पकड़ा जा सके।