दिल्ली की मतदाता सूची से कट जाएगा नाम, 29 जुलाई तक कर लें ये जरूरी काम
दिल्ली में मतदाता सूची को नए सिरे से तैयार करने का काम चल रहा है। शहर के 70 विधानसभा क्षेत्रों में 13,000 से ज्यादा अधिकारी घर-घर जाकर लोगों से बात कर रहे हैं। अगर आप अपना नाम मतदाता सूची में बरकरार रखना चाहते हैं, तो आपको 2 छोटे फॉर्म भरने होंगे। इन फॉर्मों को 29 जुलाई तक भरा जा सकता है। आप चाहें तो जब अधिकारी आपके घर आएं, तब उन्हें भरकर दे सकते हैं या ऑनलाइन भरना आसान लगे, तो वैसे भी भर सकते हैं। इसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट लिस्ट जारी की जाएगी और 7 अक्टूबर तक इसकी अंतिम सूची तैयार हो जाएगी।
फॉर्म न भरने पर मतदाता सूची से नाम कटने का खतरा
अधिकारी आपसे मिलने किसी भी समय आ सकते हैं, यहां तक कि शनिवार और रविवार को भी। अगर आप घर पर नहीं मिलते हैं, तो वे कम से कम तीन बार दोबारा आ सकते हैं। आपको कोई अतिरिक्त दस्तावेज देने की जरूरत नहीं है। बस यह देख लें कि आपकी जानकारी जो 2002 में दर्ज की गई थी, उससे मिलती-जुलती हो। अगर आप ये फॉर्म नहीं भरते हैं, तो अगले चुनावों के लिए आपका नाम मतदाता सूची से बाहर हो सकता है।