लखनऊ में बाढ़ का खतरा टला, गोमती नदी का जलस्तर नीचे आया
लखनऊ के लिए राहत की खबर है। बीते दिन गोमती नदी का जलस्तर 13 सेंटीमीटर तक नीचे आ गया है। इससे लखनऊ में बाढ़ का खतरा थोड़ा कम होता दिख रहा है। हालांकि, कुछ निचले इलाकों में अभी भी पानी भरा हुआ है।
प्रशासन ने बताया है कि नदी का जलस्तर 105.60 मीटर से नीचे आने तक बैराज के गेट खुले रखे जाएंगे।
सिंचाई विभाग की नई योजनाएं
भविष्य में बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सिंचाई विभाग ने फैजुल्लागंज से नैमिषारण्य तक एक नए तटबंध के निर्माण का सर्वे करने की योजना बनाई है।
उत्तर प्रदेश के शहरी विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है कि त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले फैजुल्लागंज में जल निकासी के काम को तेजी से पूरा किया जाए। वहीं, नदी का जलस्तर लगातार कम होने के साथ ही लखनऊ नगर निगम भी बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाने और जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की तैयारी में जुट गया है।
हाल ही में लखनऊ में बाढ़ जैसे हालात हो गए थे, इसके पीछे गोमती नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हुई भारी बारिश भी अहम वजह रही। इन इलाकों में हुई बारिश का पानी नदी के जरिए कुछ दिनों बाद लखनऊ पहुंचा, जिससे नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके कारण नदी के आसपास के निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया।