महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में उफनते नाले से प्रसूता को कंधे पर उठाकर बचाया
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले का कोंइंडल गांव बाढ़ग्रस्त नालों से घिर गया था। गांव का संपर्क टूट जाने के बाद, ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए मदद का बीड़ा उठाया। पुल या पक्की सड़कें न होने के कारण, ग्रामीणों ने 26 साल की छाया नेताम को, जो प्रसव पीड़ा में थीं, एक देसी स्ट्रेचर बनाकर उफनते नाले के पार कराया। इस मुश्किल सफर में एक स्वास्थ्यकर्मी भी उनके साथ था। नाले के दूसरी तरफ एक एंबुलेंस उनका इंतज़ार कर रही थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
ग्रामीण बताते हैं कि यह पहली बार नहीं है जब बाढ़ ने उनकी जान जोखिम में डाली है। उन्हें इस बात की नाराजगी है कि पुलों और पक्की सड़कों के लिए बार-बार की गई उनकी अपीलें अनसुनी कर दी गईं।
हर मानसून में आपातकाल के दौरान उन्हें फंसे रहना पड़ता है। अब वे प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि वे जल्द से जल्द कोई ठोस कदम उठाएं, ताकि लोगों को मदद पाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालनी पड़े।