सरकार ने उत्तर प्रदेश में 17,542 करोड़ के 322 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे को दी मंजूरी
उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य कैबिनेट ने 17,542 करोड़ रुपये लागत वाले 322 किलोमीटर लंबे 4 लिंक एक्सप्रेसवे बनाने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। इन एक्सप्रेसवे से नए लिंक रोड तैयार होंगे, जिससे आवाजाही और भी तेज हाेने के साथ सुगम हो जाएगी। सरकार का मकसद बेहतर कनेक्टिविटी देना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। इन परियोजनाओं को अगले 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फर्रुखाबाद आगरा-लखनऊ और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे
इन नए रास्तों में फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे शामिल है। इसके अलावा 50.94 किलोमीटर लंबा एक और लिंक एक्सप्रेसवे बनेगा जो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। जेवर लिंक एक्सप्रेसवे भी इन परियोजनाओं का हिस्सा है। ठेकेदार इन सड़कों का निर्माण करने के बाद 5 साल तक उनकी देखरेख करेंगे और उन्हें अच्छी स्थिति में बनाए रखेंगे। वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इस कदम को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "जितनी मजबूत परिवहन व्यवस्था होगी, विकास पर उसका असर उतना ही गहरा दिखेगा।"