आधार कार्ड अब जन्मतिथि का पुख्ता सबूत नहीं, UIDAI ने की पुष्टि
क्या आप अपनी जन्मतिथि साबित करने के लिए आधार कार्ड का इस्तेमाल करते रहे हैं? तो यह खबर आपके लिए ज़रूरी है। UIDAI ने अब साफ कर दिया है कि आधार सिर्फ आपकी पहचान बताता है, यह आपकी जन्मतिथि का पुख्ता सबूत नहीं है। यानी, अगर आपको कहीं अपनी जन्मतिथि का पक्का प्रमाण देना हो, तो आधार के अलावा कोई और दस्तावेज भी दिखाना होगा। UIDAI ने बताया कि अगर आधार में दर्ज जन्मतिथि पर कोई विवाद होता है, तो इसका सबूत देने की जिम्मेदारी आधार धारक की ही होगी। जन्मदिन की तारीख जानने के लिए आधार को स्वीकार किया जाए या नहीं, यह फैसला अलग-अलग एजेंसियां (जैसे AUA और KUA) खुद करती हैं।
आधार का इस्तेमाल सिर्फ पहचान के लिए
असल में, आधार का मुख्य मकसद सिर्फ पहचान की पुष्टि करना है। यह बात 2016 के आधार एक्ट में साफ तौर पर कही गई है। इस कानून में जन्मतिथि की पुष्टि से जुड़ा कोई प्रावधान नहीं है। अगर कोई एजेंसी जन्मतिथि के लिए आधार को स्वीकार करती है, तो यह उनका अपना फैसला होगा। लेकिन आधिकारिक तौर पर, आपको अपनी जन्मतिथि साबित करने के लिए सिर्फ आधार पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।