LOADING...
क्या 'मडगांव एक्सप्रेस' का सीक्वल लेकर आएंगे कुणाल खेमू? दिव्येंदु ने दिया बड़ा अपडेट
'मडगांव एक्सप्रेस' के सीक्वल पर आया बड़ा अपडेट

क्या 'मडगांव एक्सप्रेस' का सीक्वल लेकर आएंगे कुणाल खेमू? दिव्येंदु ने दिया बड़ा अपडेट

Apr 27, 2026
10:56 am

क्या है खबर?

कुणाल खेमू ने कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'मडगांव एक्सप्रेस' से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। मार्च, 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म में दिव्येंदु, प्रतीक गांधी और अविनाश तिवारी मुख्य किरदारों में नजर आए थे। कुछ वक्त से फिल्मी गलियारों में चर्चा हैं कि निर्माता इस फिल्म का सीक्वल लेकर आ सकते हैं। इन चर्चाओं पर 'मिर्जाजुर' सीरीज के अभिनेता दिव्येंदु ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हामी भर दी है कि इन चर्चाओं में पूरी तरह से सच्चाई है।

पुष्टि

दिव्येंदु ने बताया कि सीक्वल पर चल रहा काम

वैरायटी इंडिया से उन्होंने कहा, "जी हां, यह बन रहा है। बिल्कुल बन रहा है। कुणाल पटकथा पर काम कर रहे हैं। हम सब बहुत, बहुत उत्साहित हैं।" उन्होंने आगे कहा, "मडगांव को जो प्रतिक्रिया मिली, वो इतनी जबरदस्त थी...मतलब, उसके बहुत सारे प्रशंसक बन गए हैं। मैं 'कल्ट' शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा, क्योंकि फिल्म अभी नई है। इसे अभी और निखरना और समय के साथ बेहतर होना है। लेकिन हां, लोग फिल्म को लेकर वाकई बहुत उत्साहित हैं।"

फिल्म

'मडगांव एक्सप्रेस' के बारे में जानिए

'मडगांव एक्सप्रेस' एक डार्क कॉमेडी फिल्म है, जिसकी कहानी बचपन के 3 दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसकी कहानी एक लॉटरी का टिकट जीतने से शुरू होती है, इसके बाद तीनों दोस्त गोवा जाने की योजना बनाते हैं। हालांकि वहां पहुंचकर तीनों खुद को 2 खतरनाक गैंगस्टरों के बीच फंसा हुआ पाते हैं। इसका अंत ही सीक्वल का संकेत दे देता है, जब तीनों लास वेगास जाने की योजना बनाते हैं। फिल्म को आलोचकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।

Advertisement