डॉक्टरों पर हमला करने वाले नेताओं पर कसा शिकंजा, सुप्रीम कोर्ट ने दिए तुरंत गिरफ्तारी के आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को साफ आदेश दिया है कि डॉक्टरों पर हमला करने वाले किसी भी राजनेता को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। यह निर्देश तब आया, जब कल्याण के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों पर हमले के एक मामले में शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे की जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही थी। अदालत ने साफ शब्दों में अपनी चिंता जताई है कि डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा लगातार बढ़ रही है।
शिवसेना सदस्यों सहित 17 लोगों पर मामला दर्ज
दही हांडी उत्सव के बाद एक मरीज को छुट्टी दिए जाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान डॉक्टरों से बहस करने और एक रिसेप्शनिस्ट को थप्पड़ मारने, महिला कर्मचारी को धमकाने के आरोप में 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना के सदस्य भी शामिल हैं। CCTV फुटेज में भी इनमें से एक आरोपी रिसेप्शनिस्ट को कथित तौर पर थप्पड़ मारते हुए और एक महिला कर्मचारी को धमकाते हुए दिखा है। म्हात्रे की जमानत याचिका पर अभी भी विचार चल रहा है और अगली सुनवाई 28 सितंबर को होनी है।