तेलंगाना: सिकंदराबाद में ओरेकल ने राज्य के लिए की एक साल की भविष्यवाणी, जानिए क्या-क्या बताया
सिकंदराबाद के श्री उज्जयिनी महाकाली मंदिर में हुए रंगम कार्यक्रम के दौरान एक ओरेकल (आकाशवाणी) ने इस साल तेलंगाना में मानसून की बारिश को लेकर भविष्यवाणी की है। ओरेकल ने बताया कि इस साल कुछ इलाकों में तो बहुत ज्यादा बारिश होगी, जबकि कई जगह सूखा पड़ सकता है। इसके अलावा, ओरेकल ने लोगों को आगजनी, हादसों और जान-माल के नुकसान से सावधान रहने को भी कहा है। मौसम से जुड़ी इस भविष्यवाणी के अलावा, ओरेकल ने युवाओं से एक खास बात कही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कामयाबी मिलने के बाद भी अपने माता-पिता को न भूलें और उनका हमेशा आदर करें।
मूर्ति के लिए ओरेकल का अल्टीमेटम
ओरेकल ने मंदिर प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए देवी की मूर्ति के संबंध में नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मूर्ति का काम अगले 3 से 6 महीने के भीतर हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि पूजा-पाठ और भोग संबंधी अनुष्ठानों पर ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। गौरतलब है कि रंगम अनुष्ठान को यहां काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। भक्तों का मानना है कि इसके जरिए देवता अपनी इच्छाओं और भविष्य की घटनाओं के बारे में ओरेकल के माध्यम से बताते हैं।