पंजाब सरकार ने 65,000 से ज्यादा संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का ऐलान
पंजाब सरकार ने 51 सरकारी विभागों में 65,000 से ज्यादा संविदा कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान किया है। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों की नौकरी को लेकर बनी अनिश्चितता अब खत्म हो जाएगी।
इसके लिए सरकार एक पुराने कानून को खत्म करके 2 नए बिल लाएगी। इन बिलों के तहत इन कर्मचारियों को अस्थायी काम से हटाकर सीधे संविदा पर रखा जाएगा। सेवा की शर्तें पूरी करने के बाद, उन्हें खाली स्थायी पदों पर भी नियुक्त किया जा सकता है।
26,000 कर्मचारियों को मिलेगा सीधा फायदा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस फैसले से बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा हो पाएगी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में 26,000 से ज्यादा कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और यह प्रक्रिया अगले 45 दिनों के भीतर शुरू हो जाएगी। ज्यादा जोखिम वाले कामों में लगे कर्मचारी को इस योजना का लाभ उठाने के लिए 3 साल की सेवा पूरी करनी होगी। अन्य कर्मचारियों के लिए यह अवधि 5 साल होगी। स्थायी होने के लिए उन्हें पहले 10 साल की सेवा पूरी करनी होगी।
सीधे संविदा पर आने के बाद, इन कर्मचारियों को मैटरनिटी लीव और नौकरी की सुरक्षा जैसे कई फायदे मिलेंगे। इसके साथ ही, उनकी उपस्थिति बायोमेट्रिक सिस्टम के जरिए दर्ज की जाएगी।