हरभजन की सुरक्षा वापस लेने पर पंजाब सरकार ने दिया स्पष्टीकरण, जानिए क्या कहा
पंजाब सरकार ने राज्यसभा सांसद और क्रिकेट दिग्गज हरभजन सिंह की राज्य सुरक्षा हटाए जाने को लेकर स्पष्टीकरण दिया है। सरकार ने बताया कि यह फैसला मार्च में हुई एक नियमित समीक्षा के बाद लिया गया था, इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। दरअसल, हरभजन ने अप्रैल में भाजपा में शामिल होने के बाद राज्य सरकार पर नाइंसाफी का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि उनकी सुरक्षा को लेकर कोई उचित जांच नहीं की गई।
हरभजन के पास अब भी है Y श्रेणी की सुरक्षा
अधिकारियों ने बताया कि हरभजन पंजाब में ज्यादा समय नहीं बिताते और अधिकतर बाहर ही रहते हैं, इसीलिए उनकी सुरक्षा जरूरतों की दोबारा समीक्षा की गई। इस समीक्षा में उन पर कोई खास खतरा नहीं पाया गया। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत मदद के लिए तैयार रहेंगे। इसके अलावा, उनके पास गृह मंत्रालय से Y श्रेणी की सुरक्षा है, जो उन्हें पहले राज्य सरकार से मिलने वाली सुरक्षा के मुकाबले कहीं ज्यादा बड़ी है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके घर के बाहर हुए प्रदर्शनों के दौरान किसी भी तरह की कोई हानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।