पंजाब में नकली पनीर पर लगी रोक, अब सालभर आपकी सेहत से नहीं होगा खिलवाड़
पंजाब सरकार ने पूरे राज्य में नॉन-डेयरी (नकली) पनीर के बनाने, बेचने या इसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाने पर एक साल की पाबंदी लगा दी है।
सरकार का कहना है कि यह फैसला लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लोग जिसे पनीर समझकर खरीद रहे हैं, वह सच में दूध से ही बना हो, न कि किसी वनस्पति तेल या दूसरी तरह की वसा से।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी करेंगे पनीर की जांच
असली पनीर दूध या दूध से बनी चीजों से ही तैयार होना चाहिए, जबकि नकली पनीर खाद्य सुरक्षा नियमों के खिलाफ होता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि वे रेस्टोरेंट, कैटरर और फूड-सर्विस से जुड़े प्रतिष्ठानों पर अब और बारीकी से नजर रखें।
खासकर, त्योहारों का मौसम आने वाला है, ऐसे में यह जरूरी है कि कोई भी ग्राहक नकली या खराब गुणवत्ता वाला पनीर खरीदकर ठगी का शिकार न हो।