पुणे में 23 अप्रैल को 24 घंटे ठप रहेगी पानी की आपूर्ति, PMC अधिकारियों ने की खास अपील
महाराष्ट्र के पुणे निवासियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। वहां 23 अप्रैल की रात 12 बजे से अगले पूरे 24 घंटों के लिए शहर की पानी की सप्लाई बंद रहेगी। पुणे महानगरपालिका (PMC) ने बताया है कि यह फ़ैसला न्यू पार्वती, ओल्ड पार्वती और वारजे वॉटर सेंटर जैसे बड़े वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट्स में कुछ जरूरी बिजली और ढांचागत मरम्मत के लिए लिया गया है। इन मरम्मतों से भविष्य में पानी की आपूर्ति और भी भरोसेमंद बन सकेगी।
पुणेवासियों से पानी जमा करने की अपील
शिवजीनगर, कोथरुड, हडपसर, बाणेर, गुरुवार पेठ, हिंगने और बावधन जैसे कई इलाकों पर इस बंद का असर पड़ेगा। यहां के निवासियों से अपील की गई है कि वे पानी की सप्लाई बंद होने से पहले ही पर्याप्त पानी जमा करके रख लें। अधिकारियों ने बताया है कि 24 अप्रैल के बाद भी पानी की सप्लाई तुरंत सामान्य नहीं हो पाएगी। इस दौरान पानी का प्रेशर कम रह सकता है या पानी आने में देरी हो सकती है। मुख्य इंजीनियर नंदकिशोर जागताप ने सभी से अपील की है कि लोग पहले से तैयारी करके रखें ताकि इस रुकावट से ज्यादा परेशानी न हो।