8,000 रुपये दिवाली बोनस का मैसेज फर्जी, PIB ने जारी की खास चेतावनी
क्या आपको भी व्हाट्सऐप पर ऐसा मैसेज मिला है जिसमें कहा गया है कि भारत सरकार दिवाली पर 8,000 रुपये का बोनस दे रही है? प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इसे सरासर झूठा करार दिया है। ये मैसेज लोगों को किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अपनी निजी जानकारी साझा करने के लिए उकसाते हैं। PIB सलाह देता है कि ऐसे झांसे में न आएं। हमेशा ऐसे किसी भी ऑफर की जानकारी सरकारी या आधिकारिक वेबसाइटों पर जरूर जांचें।
PIB की चेतावनी- लिंक के जरिए बैंक की जानकारी हो सकती है चोरी
ये फर्जी मैसेज कई बार प्रधानमंत्री के नाम का भी गलत इस्तेमाल करते हैं और आपको ऐसी फिशिंग वेबसाइटों पर ले जाते हैं, जिनका मकसद आपका बैंक विवरण चुराना होता है। PIB साफ चेतावनी देता है कि कभी भी किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही ऑनलाइन किसी अजनबी के साथ अपने OTP या UPI पिन जैसी गोपनीय जानकारी साझा करें। अगर आपको कोई संदिग्ध ऑफर नजर आता है, तो उसकी जानकारी तुरंत PIB फैक्ट चेक यूनिट को दें। वहीं, अगर आपको लगता है कि आप किसी धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं, तो तत्कला अपने बैंक से संपर्क करें या साइबरक्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन करें।