महाराष्ट्र के किंनगांव में RSS पथ संचलन पर बवाल, मुस्लिम महिलाओं से झड़प के बाद पुलिस का लाठीचार्ज
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के किंनगांव में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पथ संचलन के दौरान माहौल गरमा गया। एक मस्जिद के पास यह जुलूस मुस्लिम महिलाओं के विरोध प्रदर्शन में बदल गया। धीरे-धीरे विरोध बढ़ा और फिर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों में पत्थरबाजी शुरू हो गई और वे आपस में भिड़ गए। हालात संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
किंनगांव पुलिस ने किया हल्का लाठीचार्ज
पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीकांत धिवारे सहित पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से 2 घंटे से भी ज्यादा समय तक बातचीत की, लेकिन वे उन्हें शांत नहीं कर पाए। आखिरकार भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। किंनगांव में अब भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और कई उपद्रवी तत्वों को गिरफ्तार भी किया गया है। अधिकारियों ने बताया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि RSS के इस मार्च के लिए कानूनी तौर पर अनुमति ली गई थी।