भारत में अगली बड़ी जनगणना जल्द शुरू होने वाली है। अगर आप भारतीय निवासी हैं और अस्थायी रूप से विदेश यात्रा पर गए हैं, तो 35 दिन के भीतर लौटने पर आपकी गिनती आपके पुराने यानी स्थायी पते पर ही होगी। यह प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन खुद गिनती के साथ शुरू होगी। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी, 2027 तक घर-घर जाकर लोगों की गिनती की जाएगी, लेकिन अगर कोई व्यक्ति हमेशा के लिए विदेश में बस गया है, भले ही उसके पास भारतीय पासपोर्ट हो, तो उसे जनगणना में शामिल नहीं किया जाएगा।
भारत विदेशी नागरिकों को भी गिनेगा
भारत में रहने वाले विदेशी नागरिकों, जैसे छात्र और काम करने वाले लोगों की भी गिनती की जाएगी, उनकी नागरिकता जो भी हो। हालांकि, कम समय के लिए भारत आने वाले विदेशी पर्यटक और राजनयिक जिन्हें विशेष छूट मिली हुई है, उनके लिए नियम अलग होंगे। उत्तर प्रदेश में जो मौसमी प्रवासी मजदूर हैं, उनकी गिनती उस जगह पर होगी जहां वे काम कर रहे हैं, लेकिन 2 बार गिनती न हो जाए, इसके लिए उन्हें अपने मूल स्थान (जहां से वे आए हैं) की जानकारी देनी होगी। जनगणना के लिए आधिकारिक तारीख 5 जनवरी की आधी रात तय की गई है। जनगणना के अंतिम नतीजे अप्रैल तक आने की उम्मीद है। जनगणना टीम की सदस्य शीतल वर्मा ने साफ किया कि जनगणना का काम आबादी दर्ज करना है, न कि नागरिकता। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना में शामिल होने भर से कोई व्यक्ति भारतीय नागरिक नहीं बन जाता।