मुंबई में ऑटो-टैक्सी का सफर 1 सितंबर से होगा महंगा, जानिए नई किमतें
मुंबई वालों लिए एक जरूरी ख़बर है। 1 सितंबर से मुंबई में ऑटो या टैक्सी का सफर थोड़ा महंगा होने वाला है। अब ऑटो का न्यूनतम किराया 1 रुपये बढ़कर 27 रुपये हो जाएगा। यह किराया शुरुआती 1.5 किलोमीटर के लिए लागू होगा। वहीं, टैक्सियों के लिए भी शुरुआती किराया 2 रुपये बढ़कर 33 रुपये तय किया गया है। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ने अपने एक नए नियम के तहत यह बढ़ोतरी की है।
MMR के 3 लाख ऑटो और 30,000 टैक्सी का किराया बढ़ा
किराए में यह बढ़ोतरी पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में लागू होगी, जिसमें ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, वसई-विरार और पनवेल जैसे इलाके भी शामिल हैं। इस फैसले से लगभग 3 लाख ऑटो और 30,000 टैक्सियां प्रभावित होंगी। दरअसल, पिछले कुछ समय से ईंधन की बढ़ती कीमतों और गाड़ियों के रखरखाव के साथ परमिट के बढ़ते खर्चों ने चालकों की कमाई पर काफी दबाव डाल दिया था। भले ही ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने इससे भी ज्यादा बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन पिछले साल की शुरुआत के बाद यह पहली बार किराए में बदलाव किया गया है। उम्मीद है कि यह बढ़ोतरी उन ऑटो-टैक्सी चालकों को थोड़ी राहत देगी जो लगातार बढ़ते खर्चों से जूझ रहे हैं।