मौसम का बदला मिजाज: राजस्थान में तूफान का अलर्ट, तेलंगाना में 2 की मौत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि राजस्थान के जयपुर, कोटा और जोधपुर जैसे कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज तूफान आ सकते हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ इन क्षेत्रों के मौसम को प्रभावित करेगा। अगले कुछ दिनों तक यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। इसी बीच, तेलंगाना के देवार्कडरा में भारी बारिश ने कहर बरपाया है, जहां एक दीवार गिरकर खड़ी कार पर जा गिरी। इस दुखद हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई।
AQI 92 के साथ दिल्ली का मौसम हुआ सुहावना
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मौसम नरम बना हुआ है। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। अच्छी बात यह भी है कि राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी संतोषजनक बनी हुई है। वायु गुणवत्ता सूचकां (AQI) 92 दर्ज हुआ, जिसे 'संतोषजनक' श्रेणी में माना जाता है।
अगले 2-3 दिनों तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
IMD के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक मौसम पर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहेगा। इसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। IMD ने खासतौर पर चेतावनी दी है कि राजस्थान के कुछ हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे सतर्क रहें और बाहर निकलते समय अपनी छतरी साथ लेकर निकलें।