GTA V खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, PS5 और एक्सबॉक्स पर मिलेगा मुफ्त अपग्रेड
क्या है खबर?
वीडियो गेम कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने ग्रैंड थेफ्ट ऑटो V (GTA V) खिलाड़ियों के लिए एक नया अपडेट जारी किया है। कंपनी ने 18 जून से PS4 और डिजिटल एक्सबॉक्स वन वर्जन के खिलाड़ियों को PS5 और एक्सबॉक्स सीरीज X/S वर्जन में मुफ्त अपग्रेड देने की घोषणा की है। हालांकि, फैंस अभी भी GTA VI से जुड़ी नई जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। इसके बावजूद मुफ्त अपग्रेड की खबर ने पुराने खिलाड़ियों के बीच काफी उत्साह पैदा किया है।
प्रदर्शन
नए वर्जन में मिलेंगे बेहतर ग्राफिक्स और तेज प्रदर्शन
मार्च, 2022 में आए मौजूदा कंसोल वर्जन में कई नए सुधार दिए गए हैं। इसमें बेहतर ग्राफिक्स, तेज परफॉर्मेंस और गेम के तीन मुख्य किरदारों के बीच पहले से तेज स्विच करने की सुविधा शामिल है। कंपनी ने कहा है कि अपग्रेड करने वाले खिलाड़ी अपना सेव डाटा और GTA ऑनलाइन की प्रोग्रेस भी नए वर्जन में आसानी से ट्रांसफर कर सकेंगे। इससे पुराने खिलाड़ियों को फिर से गेम का नया अनुभव लेने का मौका मिलेगा।
PC
PC खिलाड़ियों को भी मिलेगा मुफ्त अपग्रेड
रॉकस्टार ने PC खिलाड़ियों के लिए भी अच्छी खबर दी है। पुराने PC वर्जन का इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ी मुफ्त में एन्हांस्ड एडिशन में अपग्रेड कर सकेंगे। इस वर्जन में रे-ट्रेस्ड एम्बिएंट ऑक्लूजन और ग्लोबल इल्यूमिनेशन जैसे खास फीचर्स दिए गए हैं, जो गेम के विजुअल अनुभव को और बेहतर बनाते हैं। कंपनी का मानना है कि अब पहले की तुलना में अधिक लोगों के पास बेहतर हार्डवेयर मौजूद है, जिससे वे इन नए फीचर्स का पूरा फायदा उठा पाएंगे।
GTA VI
GTA VI की नई जानकारी का इंतजार जारी
इस अपडेट से खिलाड़ियों को राहत मिली है, लेकिन ज्यादातर फैंस अब भी GTA VI की नई जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। कई बार देरी होने के बाद भी रॉकस्टार फिलहाल 19 नवंबर की रिलीज तारीख पर कायम नजर आ रही है। कंपनी की पेरेंट फर्म टेक-टू ने संकेत दिए हैं कि इस गर्मी में GTA VI की मार्केटिंग तेज होगी। ऐसे में माना जा रहा है कि गेम का तीसरा ट्रेलर भी जल्द जारी किया जा सकता है।