सबरीमाला में दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग में धोखाधड़ी का शक, केरलम सरकार ने ट्रैवल एजेंसियों पर कसा शिकंजा
केरल सरकार सबरीमाला मंदिर के ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम की जांच में जुटी है। दरअसल, एक अजीब बात सामने आई है। 9 जनवरी तक के लिए दर्शन के सभी 66,000 स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं, लेकिन, इस सीजन के शुरुआती 3 दिन यानी 16 से 18 नवंबर तक बुकिंग कराने वाले 60 प्रतिशत से भी कम श्रद्धालु ही दर्शन के लिए पहुंचे। इस बड़े अंतर के बाद चिंताएं बढ़ गई हैं। अब यह आशंका जताई जा रही है कि कुछ ट्रैवल एजेंसियां बड़ी संख्या में स्लॉट बुक कर लेती हैं और फिर उन्हें महंगे दामों पर बेच देती हैं। इससे जो सच्चे श्रद्धालु हैं, उन्हें मंदिर तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने 5,000 स्लॉट बढ़ाए
पुलिस और मंदिर के बड़े अधिकारियों की अगुवाई में यह जांच चल रही है। इस जांच में खास तौर पर ट्रैवल एजेंसियों द्वारा स्लॉट जमा करने और बुकिंग के समय कमजोर जांच (जैसे कि वन-टाइम पासवर्ड या OTP सत्यापन न होना) जैसे मुद्दों पर गौर किया जाएगा। सच्चे भक्तों को आसानी से दर्शन मिल सकें, इसके लिए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बोर्ड ने 30 नवंबर तक हर दिन 5,000 अतिरिक्त वर्चुअल-क्यू स्लॉट जोड़े हैं।