बेंगलुरु में अब मीटर से चलेंगी ओला और उबर कैब, मनमानी किराए पर लगेगी लगाम
बेंगलुरु में सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर आई है। कर्नाटक परिवहन विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि उबर, ओला और रैपिडो जैसी सभी टैक्सियों में अब किराया मीटर लगाना जरूरी होगा। इस फैसले का मकसद यह है कि लोग चाहे सड़क पर टैक्सी रोकें या ऐप से बुक करें, सबको एक जैसा और सही किराया देना पड़े।
बेंगलुरु में फरवरी 2024 की दरें होंगी लागू
ये नए मीटर फरवरी 2024 में सरकार की तरफ से तय की गई दरों के हिसाब से चलेंगे। इनमें एक रुपये प्रति मिनट का इंतजार शुल्क लगेगा। रात में सफर करने पर (आधी रात से सुबह 6 बजे तक) 10 फीसदी अतिरिक्त किराया देना होगा। साथ ही GST और टोल भी इसमें जुड़े होंगे। अब हवाई अड्डे तक जाने के लिए भी किराए का अंदाजा लगाना आसान हो जाएगा, जिससे कोई भ्रम नहीं रहेगा।
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों को फिटनेस प्रमाणपत्र नवीनीकरण न करने के निर्देश
जो टैक्सी सेवाएं मीटर नहीं लगातीं या इन नियमों की अनदेखी करती हैं, उनके वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र रद्द हो सकते हैं। ऐसी टैक्सियों को चलाने की अनुमति भी नहीं मिलेगी। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना मीटर वाले वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र का नवीनीकरण न करें। इस पहल से ऐप के जरिए वसूले जा रहे ज्यादा किराए की शिकायतों पर रोक लगेगी और चालकों को भी सही और वाजिब दाम मिलने में मदद मिलेगी।