जम्मू-कश्मीर में सरकार की बड़ी कार्रवाई, आतंकी संबंधों के आरोप में सरकारी अधिकारी बर्खास्त
जम्मू-कश्मीर सरकार ने ऊर्जा विकास विभाग (PDD) के 51 वर्षीय निरीक्षक मोहम्मद शफी मलिक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। सरकार ने मलिक पर उग्रवादी समूहों से संबंध होने का आरोप लगाया है। 17 जून को सरकार ने यह कार्रवाई संविधान के अनुच्छेद 311(2)(c) का इस्तेमाल करके की है। इस अनुच्छेद के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में बिना किसी लंबी पूछताछ के सीधे फैसला लिया जा सकता है। मलिक अरवानी बिजबेहरा का रहने वाला था।
मलिक के खिलाफ दर्ज हैं 3 मामले
खबरों के मुताबिक, मोहम्मद शफी मलिक पर साल 2017 और 2018 के दौरान 3 पुलिस केस दर्ज हुए थे। इन मामलों में उस पर आतंकवादी संगठनों से जुड़े होने का आरोप लगा था। बता दें कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद से जम्मू-कश्मीर सरकार ऐसे कर्मचारियों को नौकरी से निकालने में तेजी दिखा रही है, जिन पर देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का शक है। इस साल नौकरी से निकाले जाने वाले लोगों में मलिक 9वां व्यक्ति है। अब तक कुल 91 कर्मचारियों को इसी तरह हटाया जा चुका है।