नौसेना में शामिल होगा 'समर्थक' जहाज, इसकी खूबियां कर देंगी हैरान
भारतीय नौसेना आज नौसेना बेस कारवार में 'समर्थक' नाम का एक नया जहाज अपने बेड़े में शामिल करने जा रही है। यह भारतीय नौसेना में शामिल होने वाले चार बहुउद्देश्यीय जहाजों में से पहला है।
इसे 'मेक इन इंडिया' पहल के तहत बनाया गया है, जो समुद्री गश्त से लेकर निगरानी तक, कई तरह के कामों के लिए डिजाइन किया गया है। इस जहाज में अपने देश में बने सेंसर और हथियार लगे हैं। यह उन चार पोतों में से एक है जिन्हें भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के इरादे से तैयार किया गया है।
समर्थक़ बचाव, चिकित्सा और मानवरहित सिस्टम में भी सहायक
समर्थक सिर्फ एक गश्ती जहाज भर नहीं है। यह बचाव अभियानों, आपदा राहत कार्यों और जरूरत पड़ने पर एक छोटे अस्पताल के तौर पर भी काम करने में सक्षम है। यह मानवरहित सिस्टम को भी सहयोग देता है और पानी में डूबे जहाजों या अन्य सामान को निकालने वाले ऑपरेशंस में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
इस जहाज के प्रतीक चिन्ह (क्रेस्ट) में एक भारतीय हाथी की आकृति बनी है, जो इसकी ताकत और फुर्ती को दर्शाती है। इसका आदर्श वाक्य है: "विजय ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है।"