AI से रचा अरुणाचल प्रदेश पर चीन के कब्जे का झूठ, सेना ने किया बेनकाब
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को फर्जी बताया है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा था कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। वीडियो में लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया को यह कहते हुए दिखाया गया था कि अस्फिला और तक्सिंग सर्कल जैसे इलाके हाथ से निकल गए हैं और भारतीय जवानों को राशन-पानी जैसी जरूरी चीजों की आपूर्ति रोक दी गई है। अब सेना की फैक्ट चेक टीम ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है और इसमें जो भी दावे किए गए हैं, वे झूठे हैं।
जांच में 2023 की निकली फुटेज
जांच में सामने आया है कि वायरल क्लिप में जो फुटेज दिख रही है, वह असल में 2023 की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। ये कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन्स के बारे में थी। इस पुरानी क्लिप में कहीं भी चीन या आपूर्ति जैसी किसी समस्या का जिक्र नहीं मिलता है।