वाराणसी में वायुसेना का भव्य हवाई शो, 30 किलोमीटर के दायरे में मांसाहार पर प्रतिबंध क्यों?
भारतीय वायु सेना अपनी 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर अपना भव्य हवाई प्रदर्शन-2026 आयोजित करने जा रही है। यह प्रदर्शन 22, 23 और 25 अक्टूबर को होगा। इस बड़े आयोजन के लिए शहर में भारी भीड़ उमड़नें की उम्मीद है, जिसके लिए जबरदस्त तैयारियां चल रही हें।
वाराणसी में 30 किलोमीटर के दायरे में मांस-मछली बिक्री पर प्रतिबंध
इस हवाई शो के दौरान बर्ड स्ट्राइक से बचने के लिए, वाराणसी में 19 अक्टूबर से 30 किलोमीटर के हवाई क्षेत्र में मांस और मछली की बिक्री या कटाई पर रोक लगा दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद पक्षियों को जेट विमानों से दूर रखना है। वाराणसी नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने साफ किया, "सबसे अहम फैसला यह है कि 30 किलोमीटर के हवाई क्षेत्र में मांस, मछली या पोल्ट्री बेचने वाली किसी भी दुकान को कुछ भी बेचने या काटने की इजाजत नहीं होगी।"
वाराणसी में घाटों पर शौचालयों और बैरिकेड्स का इंतजाम
शहर इस आयोजन को एक बड़े राजकीय कार्यक्रम की तरह मानकर चल रहा है। इस बड़े आयोजन को देखते हुए, गंगा नदी के किनारे बैरिकेड्स लगाए जा रहे हें। घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों को बताने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हें।
दर्शकों की सुविधा के लिए मोबाइल शौचालय भी लगाए जा रहे हें। पूरे कार्यक्रम सप्ताह भर एक विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि सभी आगंतुकों के लिए व्यवस्थाएं सुचारु रहें।