ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन घोषित, रबाडा बाहर
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका ने प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है। तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं। कप्तान तेम्बा बावुमा ने रबाडा के बाहर होने की जानकारी दी। रबाडा को दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसके बाद से वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाद कोई मैच नहीं खेले हैं। उनकी जगह एनरिक नॉर्किया 3 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करेंगे।
गेंदबाजी
गेंदबाजी करते हुए नजर आए राबाडा
हालांकि, रबाडा ने पहले टेस्ट से पहले अभ्यास सत्र के दौरान गेंदबाजी की। उन्होंने खाली नेट पर पूरी ताकत से थोड़ा कम गति से गेंदें डालीं।
कप्तान बावुमा ने मैच से एक दिन पहले दक्षिण अफ्रीका की टीम का ऐलान किया। तेज गेंदबाज नॉर्किया नई गेंद से मार्को यानसन का साथ देंगे।
मेजबान टीम ने 2 स्पिन गेंदबाज केशव महाराज और साइमन हार्मर को भी शामिल किया है। ऑलराउंडर वियान मुल्डर टीम के तीसरे तेज गेंदबाज होंगे।
प्लेइंग इलेवन
पहले टेस्ट के लिए ऐसी है दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम, रयान रिकेल्टन, डेविड बेडिंघम, तेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, वियान मुल्डर, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को यानसन, केशव महाराज, साइमन हार्मर और एनरिक नॉर्किया।
दक्षिण अफ्रीका को उम्मीद है कि रबाडा गकेबरहा में होने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में खेल सकेंगे।
प्रोटियाज कप्तान ने कहा कि उनके स्टार तेज गेंदबाज की वापसी की संभावना करीब है।
बयान
बावुमा ने रबाडा को लेकर क्या कहा?
बावुमा ने रबाडा की वापसी को लेकर कहा कि टीम ने उनके मामले में सावधानी बरतने का फैसला किया है ताकि उन्हें फिटनेस हासिल करने के लिए कुछ अतिरिक्त दिन मिल सकें।
टीम चाहती है कि रबाडा पूरी तरह फिट होने के जितना करीब पहुंच सकें उन्हें उतना समय दिया जाए।
जैसे ही रबाडा को खेलने की मंजूरी मिलती है टीम को उम्मीद है कि वह सीधे शुरुआती एकादश में शामिल होंगे और मैदान पर उतरेंगे।
मौका
इस कारण मिला नॉर्किया को मौका
नॉर्किया ने मार्च 2023 के बाद कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। वह पीठ और कूल्हे की चोटों से जूझते रहे हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वह मुकाबला उनका आखिरी प्रथम श्रेणी मैच भी था।
32 वर्षीय नॉर्किया हाल ही में पहली यूरोपीय टी-20 लीग में रॉटरडैम डॉकर्स के लिए खेले थे। टेस्ट से पहले अभ्यास सत्रों में उन्होंने तेज गेंदबाजी से प्रभावित किया।
रबाडा की गैरमौजूदगी में उनकी अतिरिक्त गति ने डेन पैटरसन और गेराल्ड कोएत्जी पर उन्हें तरजीह दिलाई।