सरकार ने नौसेना के लिए किया 53,866 करोड़ रुपये का करार, मिलेंगे 8 धाकड़ युद्धपोत
भारतीय नौसेना के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने 8 आधुनिक युद्धपोत बनाने के लिए 2 भारतीय शिपयार्ड, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) के साथ कुल 53,866.50 करोड़ रुपये के समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इन युद्धपोतों को नौसेना ने खुद डिजाइन किया है, जिससे देश की अपनी रक्षा तकनीक को बड़ा बल मिलेगा।
नौसेना के युद्धपोतों में होंगी मिसाइलें और सेंसर
इन नए युद्धपोतों में अत्याधुनिक मिसाइलें और सेंसर लगाए जाएंगे, जो भारत की समुद्री सुरक्षा को और भी मजबूत करेंगे। यह प्रोजेक्ट अगले 10 सालों में शिपयार्ड में लगभग 72 लाख व्यक्ति-दिवस का रोजगार पैदा करेगा। इसके साथ ही सहायक उद्योगों और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) सेक्टर में 460 लाख व्यक्ति-दिवस का रोजगार उत्पन्न होगा। इन युद्धपोतों के निर्माण में स्वदेशी सामग्री और तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिससे 'मेक इन इंडिया' पहल को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। यह कदम देश में नवाचार और स्थानीय व्यवसायों दोनों को प्रोत्साहित करेगा।