NEET में अब AI का पहरा, सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में सौंपा अभेद्य सुरक्षा मॉडल
केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में एक नई योजना पेश की है, ताकि NEET को और ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सके। हाल ही में हुए पेपर लीक मामले के बाद सरकार आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) और ब्लॉकचेन जैसी आधुनिक तकनीकों का सहारा लेगी। AI का इस्तेमाल शुरुआती प्रश्न पत्र तैयार करने में होगा, जबकि भविष्य में ब्लॉकचेन तकनीक पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। सरकार का मकसद है कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और भरोसेमंद बनी रहे।
हर पेपर को दिए जाएंगे सीरियल नंबर
NEET परीक्षा के लिए अब 10-चरणों वाला नया मॉडल अपनाया गया है। इस मॉडल में 'एयर-गैप्ड' AI का उपयोग होगा, जो इंटरनेट से बिल्कुल अलग रहकर प्रश्न पत्र तैयार करेगा। हर प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका पर 6 परतों की ऐसी पैकेजिंग होगी, जिससे किसी भी छेड़छाड़ का फौरन पता चल जाएगा। साथ ही हर चीज़ पर एक अनोखा सीरियल नंबर भी मौजूद होगा। अगर कोई नकल करने की कोशिश करता है, तो नए कानून के तहत उसे 10 साल तक की जेल और एक करोड़ रुपये का जुर्माना लग सकता है।