सरकार ने 12वीं बोर्ड के नतीजों में स्वीकार की गलती, अब अपनी स्कैन कॉपियां देख सकेंगे छात्र
सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कक्षा के नतीजों में हुई गलतियों को स्वीकार किया है। इन गलतियों की वजह CBSE के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को बताया जा रहा है, जिसने छात्रों के बीच काफी भ्रम पैदा कर दिया था। यह सिस्टम ग्रेडिंग को आसान बनाने के लिए लाया गया था, जिसके तहत करीब 98 लाख उत्तर पुस्तिकाओं को डिजिटली स्कैन किया गया था। हालांकि, छात्रों ने शिकायत की कि उनकी लिखावट स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं से मेल नहीं खा रही थी, जो स्कैनिंग प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।
CBSE करेगा उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन
इस समस्या को दूर करने के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि CBSE उत्तर पुस्तिकाओं का फिर से मूल्यांकन कर रहा है। इसके लिए IIT कानपुर और IIT मद्रास की टीमें OSM तकनीक की निगरानी कर रही हैं। यही नहीं, CBSE ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI), इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक के साथ साझेदारी की है, ताकि छात्रों को अपनी स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं तक पहुंचने में आसानी हो। छात्र अपने अंक जांच सकते हैं और साथ ही अपनी शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं। अब तक लगभग 4 लाख छात्रों ने अपनी 11 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं डाउनलोड कर ली हैं।