तमिलनाडु में जन्म लेते ही बच्चे को मिलेगा सोने का तोहफा, जानें सरकार की योजना
तमिलनाडु में 'थाईमामन थंगा मोदिरम थिट्टम' नामक योजना 15 सितंबर को शुरू होगी। इसे इस साल 22 जून से लागू माना जाएगा, यानी तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में उस तारीख या उसके बाद पैदा हुए सभी बच्चों को इसका फायदा मिलेगा।
इस पहल का मुख्य लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा माताएं अस्पताल में ही अपने बच्चे को जन्म दें। इस योजना में वे बच्चे भी शामिल हैं जिनका जन्म इसी साल 22 जून के बाद हुआ है।
PICME रजिस्ट्रेशन और RCH ID जरूरी
यह योजना तमिलनाडु के उन परिवारों के लिए है, जो PICME सिस्टम के जरिए अपनी गर्भावस्था दर्ज करवाते हैं और जिनके पास RCH ID है। नवजात को 22 कैरेट की हॉलमार्क वाली सोने की अंगूठी के साथ-साथ एक बेबी केयर किट भी दी जाएगी।
राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए हर साल 755.83 करोड़ रुपये का बजट रखा है। उनका लक्ष्य है कि हर साल लगभग 4.4 लाख नवजात शिशुओं तक इस योजना का लाभ पहुंचे, जो राज्य के सरकारी अस्पतालों में होने वाले कुल जन्मों के आधे से भी ज्यादा है। इस पूरी योजना को लागू करने, उसकी निगरानी करने और उसका प्रबंधन करने के लिए एक 'स्टेट प्रोजेक्ट प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट' भी बनाई जाएगी।