मुंबई की प्यास बुझाने को तैयार समंदर, 9 रुपये अतिरिक्त देकर मिलेगा 1000 लीटर पानी
मुंबई शहर में पानी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उसका पहला समुद्री जल डीसेलिनेशन प्लांट अब मिलने जा रहा है। BMC ने 20 करोड़ लीटर प्रतिदिन की क्षमता वाले इस प्लांट की शुरुआत कर दी है। पिछले दिसंबर में ही यह प्रोजेक्ट JBPR को सौंप दिया गया था। महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बताया कि इस कदम से मुंबई में पानी की आपूर्ति और भी भरोसेमंद हो सकेगी।
JBPR को मिलीं मंजूरियां, 9 रुपये में 1,000 लीटर
इस प्लांट को बनाने वाली कंपनी JBPR को इजराइल जैसे देशों में ऐसे प्रोजेक्ट्स का अच्छा अनुभव है। BMC और मध्य रेलवे से उसे जरूरी मंजूरियां पहले ही मिल चुकी हैं। जब यह प्लांट पूरी तरह चालू हो जाएगा, तो मुंबई के लिए पीने के पानी का एक नया जरिया बन जाएगा। हालांकि, इसमें एक बात ध्यान देने वाली यह है कि पानी के टैरिफ में करीब 9 रुपये प्रति 1,000 लीटर की बढ़ोतरी होगी। यानी हर लीटर पर करीब 15 से 17 पैसे ज्यादा देने होंगे। सामंत ने बताया कि मुंबई की आबादी लगातार बढ़ रही है और पुराने जल स्रोतों पर दबाव बढ़ता जा रहा है, ऐसे में यह बदलाव जरूरी है।