अंकित बालियान हत्याकांड: इंसाफ न मिलने पर राहुल गांधी की शरण में परिवार, जांच पर सवाल
उत्तर प्रदेश के शामली में गत बुधवार को एक फिटनेस जिम के बाहर हरियाणवी गायक और अभिनेता अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के 5 दिन बाद भी जब कोई गिरफ्तारी नहीं हुई, तो उनका परिवार परेशान हो उठा। अब परिवार ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी से न्याय दिलाने में मदद करने की गुहार लगाई है। परिवार का आरोप है कि जांच धीमी गति से चल रही है और वे चाहते हैं कि अधिकारी इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करें।
वारदात में शामिल थे 4 हमलावर - पुलिस
अंकित की पत्नी ने ANI से बात करते हुए अपना दुख जताया। उन्होंने कहा, "पुलिस अपनी तरफ से कोशिश तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई नतीजा नहीं दिख रहा। 5 दिन गुजर चुके हैं और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसा लग रहा है जैसे कोई कार्रवाई हो ही नहीं रही है।" अंकित की बहन ने भी राहुल गांधी से मदद की गुहार लगाई। उनका कहना था कि राखी से ठीक पहले उन्होंने अपने भाई को खो दिया है। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में 4 अज्ञात हमलावर शामिल थे। सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट में इस हत्या के पीछे गोगी गैंग का हाथ बताया जा रहा है, लेकिन फिलहाल किसी को भी पकड़ा नहीं जा सका है।