दिल्ली में हर दुकान, हर व्यापार पर सरकार की नजर! 8वीं आर्थिक जनगणना बदलेगी विकास की तस्वीर
दिल्ली में 8वीं आर्थिक जनगणना की तैयारी शुरू हो गई है। इस जनगणना से शहर में चल रहे सभी व्यापार, कारोबार और खेती से जुड़ी इकाइयों की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन निदेशालय इस पूरे प्रयास की अगुवाई कर रहा है। इसमें 13 जिलों को सब-एजेंसियों के रूप में शामिल किया गया है, ताकि मंत्रालय के तहत इस काम को ठीक से पूरा किया जा सके।
MCD NDMC व्यापारिक डेटा एकत्र करेंगे
MCD, NDMC के साथ-साथ दूसरे सरकारी विभागों की टीमें भी इस काम में लगेंगी और व्यापार से जुड़ी जानकारी (डेटा) इकट्ठा करेंगी। वे पता लगाएंगे कि कौन सी दुकानें और व्यापारिक इकाइयां कहां पर हैं, वे किस तरह का कारोबार करती हैं और उनके लिए पैसा कहां से आता है। ये सिर्फ आंकड़े नहीं होंगे; इन्हीं से दिल्ली के लिए आने वाले समय में विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी। यह आर्थिक जनगणना तब शुरू होगी, जब अभी जारी जनसंख्या गणना का काम खत्म हो जाएगा। उम्मीद है कि यह 2027 की शुरुआत तक पूरा हो जाएगा।