दिल्ली से सिलीगुड़ी का सफर 6 घंटे में होगा पूरा, बुलेट ट्रेन के साथ बंगाल में आएगी रेल क्रांति
यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। दिल्ली और सिलीगुड़ी के बीच अब बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। यह बुलेट ट्रेन लखनऊ, वाराणसी और पटना जैसे शहरों से होकर गुजरेगी। इसके चलने से दिल्ली और सिलीगुड़ी के बीच का सफर सिर्फ 6 घंटे में सिमट जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस कदम से पश्चिम बंगाल की कनेक्टिविटी काफी मजबूत होगी।
पश्चिम बंगाल में रेलवे निवेश में भारी उछाल
पश्चिम बंगाल में रेलवे के लिए मिलने वाले बजट में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। पिछली सरकार के समय यह बजट 4,000 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 14,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कोलकाता का मेट्रो नेटवर्क भी अब तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में इसमें 45 किलोमीटर नई लाइनें जोड़ी गई हैं, जबकि इससे पहले 42 सालों में केवल 28 किलोमीटर का ही विस्तार हो पाया था। इसके साथ ही अगले 5 सालों में 60 नई और आधुनिक मेट्रो ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। सरकार स्थानीय नेताओं से भी उनके इलाकों की जरूरतों को लेकर सुझाव मांग रही है।