स्मॉग पर दिल्ली सरकार की योजना: 31 अक्टूबर डेडलाइन, प्रदूषण फैलाने वालों की खैर नहीं
दिल्ली में सर्दियों में बढ़ने वाले स्मॉग से निपटने के लिए एक नया एक्शन प्लान तैयार है। सरकार ने आदेश दिया है कि 31 अक्टूबर तक सड़क से जुड़े सभी अधूरे काम, जैसे गड्ढे भरना और सड़क मरम्मत, प्राथमिकता के आधार पर पूरे कर लिए जाएं। साथ ही, कचरा और बायोमास (लकड़ी-पौधों के अवशेष) जलाने वालों पर भी अब सख्ती बरती जाएगी।
जाम वाली जगहों पर बिना इजाजत खड़ी भारी गाड़ियों को भी हटाया जाएगा। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने 19 सितंबर को जिला स्तर की बैठकों के बाद ये सारी जानकारी दी।
दिल्ली ने PM2.5 और PM10 की निगरानी पर सख्ती बढ़ाई
भीड़भाड़ और धूल भरे इलाकों में हवा की गुणवत्ता, खासकर PM10 और PM2.5 के स्तर पर अब और कड़ी नजर रखी जाएगी। पटपड़गंज के औद्योगिक इलाके में, जहां भी सड़क या उससे जुड़े काम चल रहे हैं, वहां धूल कम करने के लिए लगातार पानी का छिड़काव करना अब अनिवार्य होगा।
साथ ही, आनंद विहार बस टर्मिनल पर बसों और भारी गाड़ियों की बिना इजाजत पार्किंग को लेकर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। हर जिले को एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों से मिले डेटा की मदद से प्रदूषण के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों की पहचान करनी होगी और उनके लिए खास उपाय खोजने होंगे। मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि वे 15 दिनों के भीतर खुद प्रगति की जांच करेंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि काम सही तरीके से हो रहा है।